1. तोरेसिंहा में दीप (यादव) परिवार ने मनाया नवाखाई पर्व, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रहण किया नवान्न प्रसाद

तोरेसिंहा। ग्राम तोरेसिंहा में दीप (यादव) परिवार द्वारा नवाखाई पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। नई फसल के स्वाद को परिवार के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर पूजा-अर्चना कर स्वीकारा तथा बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूरे परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

मां समलेश्वरी और राधा-कृष्ण की पूजा के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां समलेश्वरी एवं भगवान राधा-कृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। परिवारजनों ने श्रद्धापूर्वक देवी-देवताओं का पूजन कर परिवार के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

चरण स्पर्श कर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद

पूजा-अर्चना के पश्चात परिवार के सभी सदस्यों ने नवान्न प्रसाद ग्रहण किया। नवाखाई पर्व की परंपरा के अनुसार परिवार के छोटे-बड़े सभी सदस्यों ने आपसी प्रेम, सम्मान एवं भाईचारे का परिचय देते हुए एक-दूसरे का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर परिवार के वयोवृद्ध लाल बिहारी दीप, हेमलता दीप, लखन लाल दीप एवं सती दीप का परिवारजनों ने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों ने सभी सदस्यों को सुखी एवं समृद्ध जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।

एकता और संस्कारों को मिली नई ऊंचाई

नवाखाई पर्व के अवसर पर दीप (यादव) परिवार के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से नवान्न प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन से न सिर्फ परिवार में आपसी स्नेह, एकता एवं पारिवारिक संस्कारों की भावना और मजबूत हुई, बल्कि गांव में पारंपरिक त्योहारों का महत्व भी दर्शाया गया।