रायपुर। राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आसमान में बादल छा जाएंगे और ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, रविवार को शहर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, जबकि एक-दो बार तेज बौछारें पड़ने या गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।

इस बदलते मौसम के बीच राहत की बात यह है कि अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी।

क्यों बदल रहा है मौसम का रुख? मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे एक मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के ऊपर एक कम दबाव (निम्न दाब) का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लेकर 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा, समुद्र तल पर मौजूद मानसून ट्रफ रेखा मध्य भारत से होकर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इन दोनों मौसमी तत्वों का असर सीधे रायपुर सहित पूरे प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटे के लिए वर्षा की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

हालांकि, उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के जिलों के लिए यह अलर्ट काफी सीरियस है। यहां अगले 24 से 48 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। साथ ही, इन इलाकों में वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) का भी खतरा बना हुआ है। वहीं, रायपुर संभाग समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे से दूर रहें और मौसम के अपडेट पर नजर बनाए रखें।