रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सनातन धर्म और भगवान शिव के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान या टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस मामले में कानून के तहत कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।
दरअसल, पन्नालाल नामक एक व्यक्ति द्वारा सनातन धर्म के आराध्य भगवान शिवजी और शिवलिंग को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ते हुए विवादों में घिर गया। इसके खिलाफ धार्मिक संगठनों और समाज के लोगों में तीखी नाराजगी देखने को मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और कार्रवाई की मांग उठाई गई।
शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "धार्मिक आस्था और आराध्य देवी-देवताओं के प्रति किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कानूनी कदम उठाया है और अब मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस स्पष्ट बयान के बाद यह साफ हो गया है कि राज्य सरकार धार्मिक स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों को लेकर किसी भी कीमत पर नरमी नहीं बरतेगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।



