रायपुर: चंगोराभाठा में निगम का बुलडोजर चला, अनुमति के विपरीत बन रहे व्यावसायिक भवन का अवैध हिस्सा हटाया
रायपुर: चंगोराभाठा में निगम का बुलडोजर चला, अनुमति के विपरीत बन रहे व्यावसायिक भवन का अवैध हिस्सा हटाया
रायपुर। रायपुर नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। नगर निगम के जोन-5 अंतर्गत चंगोराभाठा रिंग रोड नंबर-1 क्षेत्र में अनुमति के विपरीत बनाए जा रहे एक व्यावसायिक भवन पर बुलडोजर चलाया गया। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने निर्माणाधीन भवन के अवैध हिस्से को हटाया।
नोटिस के बाद भी नहीं मानी चेतावनी
निगम के अनुसार, भवन निर्माता कमलकांत चंद्राकर को नगर निगम अधिनियम के तहत पहले नोटिस दिया गया था। नोटिस के बाद भी जब निर्माता द्वारा अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई, तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निगम टीम ने भवन के अवैध हिस्से को तोड़ दिया।
अधिकारी रहे मौके पर मौजूद
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर खीरसागर नायक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई पूरी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
निगम का दो टूक संदेश
यह कार्रवाई निगम की ओर से उन निर्माताओं के लिए सख्त चेतावनी मानी जा रही है, जो अनुमति से अधिक निर्माण या बिना अनुमति नक्शे के विपरीत निर्माण कर रहे हैं। निगम प्रशासन की ओर से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की जानकारी दी गई है।




