ओडिशा से आ रही थी गांजे की बड़ी खेप: KTM से कर रहे थे कार की पायलटिंग, सरसीवां पुलिस और ANTF ने 40 किलो गांजे के साथ 4 तस्करों को दबोचा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सरसीवां पुलिस और एएनटीएफ (ANTI NARCOTICS TASK FORCE) की संयुक्त टीम ने ओडिशा से आ रही गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ते हुए 40 किलो गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चल रहा था। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के रास्ते भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सरसीवां पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने सरसीवां थाना क्षेत्र के ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर घेराबंदी कर जाल बिछा दिया।

तस्करों का फुलप्रूफ प्लान था: आगे-आगे चल रही थी KTM

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 40 पैकेटों में भरा कुल 40 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में सवार टुकेश्वर यादव (22) और गणेश राम यादव (21) को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ और जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए एक फुलप्रूफ योजना बनाई थी। कार के आगे-आगे एक KTM मोटरसाइकिल चल रही थी, जो रास्ते की निगरानी यानी पायलेटिंग कर रही थी। अगर रास्ते में पुलिस दिखती, तो बाइक सवार कार को बचाने के लिए संकेत दे देते। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार भावेश साहू और विनोद यादव को भी मौके पर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, ये चारों आरोपी पामगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबर-सरसीवां मार्ग से होते हुए खेप पामगढ़ ले जा रहे थे।

बरामदगी का विवरण

  • गांजा: 40 पैकेटों में कुल 40 किलो
  • वाहन: एक सफेद होंडा सिटी कार
  • बाइक: एक KTM स्पोर्ट्स बाइक
  • मोबाइल फोन: 3

जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

24 घंटे में दो बड़ी कार्रवाइयां, 50.761 किलो गांजा जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने पिछले 24 घंटों में सरिया और सरसीवां थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी के दो बड़े मामलों का भंडाफोड़ किया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:

बरामद सामान
मात्रा
गांजा50.761 किलो
कार2
KTM बाइक1
मोबाइल फोन5

दोनों मामलों में जब्त संपत्तियों की कुल कीमत 36 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है।

नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। यह खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ के पामगढ़ तक पहुंचाने वाले अन्य सरगनाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।