रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले एक सप्ताह के दौरान सामने आई हत्या की छह वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के थानों (मुजगहन, अभनपुर, खमतराई, सरस्वती नगर और आमानाका) में लगातार हो रही इन खूनी घटनाओं ने पुलिसिंग व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन हत्याओं के पीछे अधिकतर कारण 'चरित्र पर शक' और 'आपसी रंजिश' रहे हैं। आइए एक नजर डालते हैं इन 6 वारदातों पर:
1. मुजगहन: लिव-इन पार्टनर ने छात्रा का गला घोंटा 1 जुलाई को मुजगहन थाना क्षेत्र से सबसे पहली वारदात सामने आई। कांकेर निवासी आदिवासी छात्रा भारती नेताम का शव बरामद हुआ। प्रेमी सावंत बघेल पर आरोप है कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के दौरान उसे छात्रा के चरित्र पर शक था। इसी विवाद में उसने भारती का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
2. अभनपुर: पत्नी ने तालाब में फेंका चौकीदार पति का शव 4 जुलाई को टोकरो गांव (अभनपुर थाना) के तालाब में चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस पूछताछ में पत्नी तिजियाबाई सिदार ने कबूल किया कि उसने पति को अपनी बेटी के साथ गलत हरकत करते देखा था। गुस्से में आकर उसने साड़ी के पल्लू से गला दबाकर हत्या की और शव तालाब किनारे फेंक दिया। आरोपी पत्नी जेल में है।
3. खमतराई: शक के चलते प्रेमी ने युवती को तालाब में फेंका 5 जुलाई को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी (खमतराई) में तालाब में तैरता शव मिला, जिसकी पहचान नंदनी जैन के रूप में हुई। पुलिस ने टेक्निकल और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए 4 साल के प्रेमी करण तांडी को धर दबोचा। आरोपी ने बताया कि नंदनी के चरित्र पर शक होने पर उसे सुनसान जगह बुलाकर दुपट्टे से गला घोंटा और शव तालाब में फेंक दिया। आरोपी गिरफ्तार है।
4. सरस्वती नगर: आपसी रंजिश में रॉड-डंडे से पीटकर हत्या 7-8 अगस्त की दरम्यानी रात सतनामी पारा कोटा में आपसी रंजिश का नतीजा खूनी बना। तुषार महिधर (बाउ) और सुरेंद्र मधुकर (पोका) ने महेश धृतलहरे पर रॉड और डंडे से जानलेवा हमला किया। एम्स में इलाज के दौरान महेश की मौत हो गई। दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
5. रावाभाठा (खमतराई): लापता युवक का शव मिलने से सनसनी 8 अगस्त को रावाभाठा के बांधा मैदान में कंक्रीट कल्वर्ट के पास 22 वर्षीय पवन टंडन का शव बरामद हुआ। पवन 5 अगस्त से लापता था। शव की हालत और छिपाकर रखने के तरीके से पुलिस को हत्या की आशंका है। एफएसएल टीम ने जांच की है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। मामला अभी अनसुलझा है।
6. आमानाका: रेलवे पटरी के पास अज्ञात युवक का खूनी शव इसी दिन (8 अगस्त) आमानाका थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, लेकिन मौत की असली वजह और शव की शिनाख्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस प्रशासन की बड़ी चुनौती एक के बाद एक सामने आई इन 6 वारदातों ने राजधानी में अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ खत्म होने की बात सामने ला दी है। हालांकि, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 6 में से 4 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन खमतराई और आमानाका की दो घटनाओं का राज अभी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
अब सवाल यह है कि शहर में बढ़ती हिंसक घटनाओं और 'चरित्र शंका' जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर पुलिस प्रशासन क्या खास रणनीति अपनाता है, ताकि अपराधियों में डर बैठ सके।




