अम्बिकापुर: थाली में 'मछली' कम होने पर शुरू हुआ विवाद, मां को पिटता देख बेटे ने बसूला मारकर पिता को उतारा मौत के घाट
आज की ताजा खबर
LIVE

अम्बिकापुर: थाली में 'मछली' कम होने पर शुरू हुआ विवाद, मां को पिटता देख बेटे ने बसूला मारकर पिता को उतारा मौत के घाट

12, 2, 2026

21

image

अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियाँ मातम में बदल गईं। नशे की लत और मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। ग्राम मेंड्राकला के स्कूलपारा में एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की 'बसूला' (लकड़ी काटने का औजार) मारकर हत्या कर दी। वारदात की वजह पिता द्वारा मां की बेरहमी से की जा रही पिटाई बताई जा रही है।

मछली कम मिलने पर भड़का था पिता

घटना के दिन आरोपी के घर पर रक्षाबंधन का उत्सव था। बड़ी बेटी और दामाद भी आए हुए थे। शाम को 50 वर्षीय ग्रामीण (मृतक) नशे में धुत होकर मछली लेकर घर पहुँचा। रात को जब पत्नी ने खाना परोसा, तो थाली में मछली के टुकड़े कम देखकर वह आगबबूला हो गया। उसने अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जब विवाद बढ़ा, तो उसने पत्नी के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से पीटने लगा।

मां की चीखें सुन आपा खो बैठा बेटा

घर के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत पिता शांत नहीं हुआ। अपनी मां को इस तरह पिटता देख घर में मौजूद नाबालिग बेटा गुस्से से भर उठा। उसने पास ही रखा बसूला उठाया और अपने पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। चोट इतनी गहरी थी कि पिता की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने की रची साजिश

हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की। अगली सुबह वह अपने चाचा के साथ पुलिस चौकी पहुँचा और कहानी रची कि उसके पिता को गांव में घूमने के दौरान कहीं चोट लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई।

सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी

अम्बिकापुर पुलिस जब ग्राम मेंड्राकला पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। मृतक के शरीर पर लगे घाव गिरने की चोट जैसे नहीं लग रहे थे। जब पुलिस ने नाबालिग बेटे से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Powered by Froala Editor