मोहला-मानपुर: पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़; इंसास राइफल बरामद, जवानों ने माओवादी ठिकाना किया ध्वस्त

मोहला-मानपुर: पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़; इंसास राइफल बरामद, जवानों ने माओवादी ठिकाना किया ध्वस्त

12, 2, 2026

0

image

मोहला-मानपुर: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सरहदी इलाके में रविवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। घने जंगलों के बीच सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक ठिकाने को चारों ओर से घेर लिया। जवानों की भारी घेराबंदी को देखते हुए नक्सली अपनी सामग्री छोड़कर जंगल की आड़ में भाग निकले।

बस्तर-महाराष्ट्र बॉर्डर के जंगलों में हुई आमने-सामने की भिड़ंत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ औंधी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोहकाटोला और आमपायली गांवों के पास स्थित दुर्गम जंगलों में हुई। यह इलाका बस्तर संभाग और महाराष्ट्र की सीमा से सटा हुआ है, जो नक्सलियों के लिए एक सुरक्षित कॉरिडोर माना जाता है। घटनास्थल कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से भी लगा हुआ है।

इंसास राइफल और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री जब्त

सुरक्षा बलों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली बैकफुट पर आ गए। जब जवानों ने मुठभेड़ स्थल की तलाशी ली, तो वहां से:

  • एक आधुनिक इंसास (INSAS) राइफल बरामद की गई।

  • भारी मात्रा में माओवादी साहित्य, दैनिक उपयोग की सामग्री और पिठ्ठू (बैग) मिले हैं।

  • मौके पर मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट होता है कि यहां नक्सलियों की बड़ी मौजूदगी थी, जिसे सुरक्षा बलों ने समय रहते विफल कर दिया।

सभी जवान सुरक्षित, सर्चिंग अभियान तेज

राहत की बात यह है कि इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ है। मोहला-मानपुर पुलिस अधीक्षक (SP) वायपी सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों ने नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है।

इलाके में 'हाई अलर्ट' जारी

मुठभेड़ के बाद मोहला-मानपुर और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। एसपी वायपी सिंह ने कहा, "जंगल में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है। नक्सलियों के भागने की दिशा में लगातार पीछा किया जा रहा है और आसपास के गांवों में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।"

Powered by Froala Editor