गरियाबंद में खाकी पर हमला: अवैध शराब भट्ठी पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर माफिया का जानलेवा हमला; 3 जवान घायल, 1 रायपुर रेफर
आज की ताजा खबर
LIVE

गरियाबंद में खाकी पर हमला: अवैध शराब भट्ठी पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर माफिया का जानलेवा हमला; 3 जवान घायल, 1 रायपुर रेफर

12, 2, 2026

19

image

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोसमी गांव में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुँची पुलिस टीम पर शराब माफिया और उनके गुर्गों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक जवान की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल राजधानी रायपुर रेफर किया गया है।

कोसमी गांव में दबिश और अचानक हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मैनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोसमी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने का काला कारोबार चल रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाने से तीन पुलिस जवानों की एक टीम मौके पर पहुँची। जैसे ही पुलिस ने शराब भट्ठियों को नष्ट करना और आरोपियों को पकड़ना शुरू किया, वहां मौजूद शराब बनाने वाले दर्जनों लोग एकजुट हो गए।

लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से घेराबंदी

अपराधियों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों, पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी संभल नहीं पाए और लहूलुहान होकर गिर पड़े। माफिया ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। हमले के बाद ग्रामीण और माफिया मौके से फरार हो गए।

जवानों की हालत नाजुक, पुलिस महकमे में हड़कंप

घायल जवानों को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एक जवान की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य दो जवानों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। इस घटना की खबर मिलते ही गरियाबंद एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।

4 नामजद आरोपियों पर FIR, राजधानी में भी हुआ था हमला

मैनपुर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमला करने वाले 4 मुख्य आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और बलवा सहित विभिन्न संगीन धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर आसपास के गांवों में दबिश दी जा रही है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में पुलिस पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर इलाके में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने थाना प्रभारी (TI) और जवानों पर हमला कर टीआई का हाथ मरोड़ दिया था। बार-बार होती ये घटनाएं पुलिस के इकबाल पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।

Powered by Froala Editor