माकड़ी के मावली देव मेले में मधुमक्खियों का तांडव: डंक के हमले से मची भगदड़, 15 ग्रामीण घायल; 5 की हालत गंभीर
आज की ताजा खबर
LIVE

माकड़ी के मावली देव मेले में मधुमक्खियों का तांडव: डंक के हमले से मची भगदड़, 15 ग्रामीण घायल; 5 की हालत गंभीर

12, 2, 2026

15

image

कोंडागांव जिले के विकासखंड माकड़ी के अंतर्गत आने वाले कांटा गांव में आयोजित प्रसिद्ध मावली देव मेले में रविवार की शाम खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने अचानक श्रद्धालुओं पर हमला बोल दिया। शाम करीब 4:00 बजे जब मेला अपने पूरे शबाब पर था और हजारों की संख्या में ग्रामीण और शहरी लोग मौजूद थे, तब पेड़ों से उठी मधुमक्खियां भीड़ पर टूट पड़ीं।

मेले में मची चीख-पुकार और भगदड़: अचानक हुए इस हमले से मेले में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सिर पर पैर रखकर भागने लगे। कई बुजुर्ग और बच्चे भागते समय गिरकर चोटिल भी हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों का हमला इतना तेज था कि लोग उन्हें हाथों से हटाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे डंक मारती रहीं। इस घटना में लगभग 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उप स्वास्थ्य केंद्र कांटा गांव ले जाया गया।

स्वास्थ्य स्थिति और प्रशासनिक सक्रियता: डॉक्टरों के अनुसार, घायल 15 लोगों में से 5 की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए माकड़ी स्वास्थ्य केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच मोती राम मरकाम अस्पताल पहुँचे और घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।

लगातार बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं: गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों में मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक में भी दो अलग-अलग हमलों में एक महिला (दुर्गा साहू) की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। प्रकृति के बदलते मिजाज या शोर-शराबे के कारण मधुमक्खियों का हिंसक होना चिंता का विषय बनता जा रहा है।

Powered by Froala Editor