कोरबा में 'डिनर' पड़ा भारी: राजू होटल के बाहर से इंजीनियर की ब्रेजा कार पार; मोबाइल भी ले उड़े चोर

कोरबा में 'डिनर' पड़ा भारी: राजू होटल के बाहर से इंजीनियर की ब्रेजा कार पार; मोबाइल भी ले उड़े चोर

12, 2, 2026

0

image

छत्तीसगढ़ की ऊर्जा धानी कोरबा के व्यस्ततम इलाके ट्रांसपोर्ट नगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात एक सहायक इंजीनियर को होटल में भोजन करना तब महंगा पड़ गया, जब अज्ञात चोरों ने होटल के बाहर खड़ी उनकी कीमती ब्रेजा कार पर हाथ साफ कर दिया। यह सनसनीखेज वारदात सीएसईबी (CSEB) पुलिस चौकी के अंतर्गत राजू होटल के सामने घटित हुई।

पूरी घटना का विवरण: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत संयंत्र (कोरबा पूर्व) में कार्यरत सहायक इंजीनियर किशोर कुमार अपने मित्र रूपेश ठाकुर के साथ रात करीब 11:20 बजे भोजन करने राजू होटल पहुँचे थे। उन्होंने अपनी सफेद रंग की ब्रेजा कार (CG 07 CJ 7836) होटल के बाहर पार्क की और भीतर चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वे खाना खाकर बाहर निकले, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—जहां कार खड़ी थी, वहां सन्नाटा था।

दोस्त का मोबाइल भी गया साथ: चोरी केवल कार तक सीमित नहीं रही। कार के भीतर इंजीनियर के मित्र रूपेश का कीमती मोबाइल फोन भी रखा था, जिसे चोर गाड़ी के साथ ही ले भागे। काफी देर तक आसपास के सीसीटीवी और लोगों से पूछताछ के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस की कार्रवाई: इंजीनियर किशोर कुमार की रिपोर्ट पर सीएसईबी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चोरी गई कार की अनुमानित कीमत ₹7.38 लाख बताई जा रही है। पुलिस अब शहर के एग्जिट पॉइंट्स और होटल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

Powered by Froala Editor