छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव: जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
आज की ताजा खबर
LIVE

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव: जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

24, 9, 2025

37

image

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का 'संगठन सृजन अभियान' अब छत्तीसगढ़ में भी लागू होगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के कई जिलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को बदला जाएगा। इसके लिए एआईसीसी ने 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, जो जिलों का दौरा कर स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे और जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों की सूची तैयार करेंगे। इसके बाद गोपनीय रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर नए जिलाध्यक्ष नियुक्त होंगे। अक्टूबर में पर्यवेक्षकों के आने की संभावना है।

महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता

जिलाध्यक्ष के लिए तीन से पांच नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। इनमें 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि शेष पदों में 50 वर्ष से कम आयु के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। एआईसीसी चाहती है कि नए जिलाध्यक्ष केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी ही न संभालें बल्कि चुनाव लड़ने योग्य भी हों।

संगठन को मजबूत करने की कोशिश

गुजरात और अन्य राज्यों की तरह यहां भी पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मार्च में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 14 जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी, लेकिन 27 जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां लंबित रहीं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि आगे और भी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। यह कदम आगामी विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।

जिलाध्यक्षों को मिलेंगी अधिक शक्तियां

इस बार जिलाध्यक्षों को संगठन में पूरी शक्तियां दी जाएंगी। टिकट वितरण में भी उनकी रिपोर्ट को अहम माना जाएगा। अब तक जिलाध्यक्षों पर किसी विशेष नेता या गुट का दबाव रहता था और स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होती थी। नए बदलाव से पार्टी को जमीनी कार्यकर्ताओं को जोड़ने में मदद मिलेगी।

नियुक्त पर्यवेक्षकों की सूची

एआईसीसी ने जिन 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, वे निम्नलिखित हैं:

  • सप्तगिरि उलाका

  • अजय कुमार लल्लू

  • सुबोध कांत सहाय

  • उमंग सिंगर

  • आरसी खुंटिया

  • राजेश ठाकुर

  • विवेक बंसल

  • डॉ. नितिन राउत

  • श्याम कुमार बरवे

  • प्रफुल्ल गुदाढे

  • चरण सिंह सापरा

  • विकास ठाकरे

  • हीना कांवरे

  • रीता चौधरी

  • रेहाना रेयाज चिश्ती

  • अजमतुल्लाह हुसैनी

  • सीताराम लांबा

मंडल और ब्लॉक कमेटियां

प्रदेश कांग्रेस में मंडल और ब्लॉक कमेटियों का गठन भी पूरा हो गया है। सूची जल्द जारी होगी। बताया जा रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने सूची एआईसीसी को भेज दी है। 7 जुलाई को राजधानी के राजीव भवन में हुई राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने निर्देश दिए थे कि बूथ से लेकर जिलाध्यक्षों की नियुक्ति 30 सितंबर तक पूरी कर ली जाए।

Powered by Froala Editor